Times Of Buxar
Follow this page
30/12/2025
मंझरिया गांव के पास शराब की बड़ी खेप बरामद, तस्कर फरार
बक्सर । औद्योगिक थाना पुलिस ने मंझरिया गांव के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंझरिया गांव के समीप गंगा नदी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। वहां नदी किनारे स्थित एक बागीचे से बोरे में भरकर शराब की खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद तस्कर गांव की ओर भाग खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया, हालांकि तस्कर हाथ नहीं आ सके। पुलिस ने मौके से 24 पेटियों में भरी करीब 202 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
बरामद शराब को जब्त कर औद्योगिक थाना में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
15/12/2025
अहिरौली में नाला निर्माण बना विवादों का जड़, बड़ी लापरवाही आई सामने, गरीब के तीन मकान हुए ध्वस्त, चार मवेशियों की मौत, निर्माण कार्य पर उठे सवाल
बक्सर । नगर परिषद क्षेत्र के अहिरौली वार्ड संख्या 38 में नाला निर्माण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य के बीच अचानक हुए तेज कंपन से तीन मकान भरभरा कर गिर गए। इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन चार मवेशियों की मौत की पुष्टि की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नगर परिषद द्वारा वार्ड में नाला निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में पोकलेन मशीन से गहरी खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान पैदा हुए तेज कंपन से पास के मकान कमजोर हो गए और देखते ही देखते गिर पड़े। गनीमत रही कि जिस समय मकान गिरे, उस वक्त घरों के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
हादसे के बाद आसपास के कई अन्य मकानों में भी दरारें पड़ गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है और सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि अहिरौली का नाला निर्माण पहले से ही विवादों की जड़ बना हुआ है। कुछ माह पूर्व निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और संवेदक के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उस दौरान मामले में औद्योगिक पुलिस को जिंदा कारतूस भी मिला था। हालांकि बाद में संवेदक द्वारा अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबा दिए जाने की चर्चा भी सामने आई थी।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा देने तथा आगे निर्माण कार्य से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं नगर परिषद की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
तिलक राय के हाता सिमरी बक्सर गंगा घाट पर दो लोगों की मौत डूबने से Times Of Buxar
31/10/2025
ब्रह्मपुर में एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय का बुलडोजर स्वागत, जनता ने बरसाए फूल
बक्सर । ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर गाँव में शुक्रवार को एनडीए प्रत्याशी हुलास पांडेय का अनोखे अंदाज़ में स्वागत किया गया। गाँव वालों ने जेसीबी मशीन से फूलों की वर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान “जय हुलास, जय विकास” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
हुलास पांडेय इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। वे गाँव-गाँव जाकर लोगों से मिल रहे हैं और डोर-टू-डोर पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
जनता के उत्साह और समर्थन को देखकर हुलास पांडेय ने कहा कि यदि जनता का जनादेश मिला तो वे ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास करेंगे। उन्होंने कहा, “जो काम पिछले दस वर्षों में राजद विधायक शंभूनाथ यादव नहीं कर पाए, उससे चार गुना तेजी से मैं विकास करूंगा।”
गाँव के लोगों ने हुलास पांडेय को क्षेत्र की उम्मीद बताया और कहा कि इस बार ब्रह्मपुर में परिवर्तन की लहर साफ दिख रही है। Times Of Buxar
इस बार किसकी सरकार बन सकती है
Bjp
RjD
jansuraj
राजपुर और डुमरांव सीट पर NDA को मिल रहा बढ़त, बक्सर-ब्रह्मपुर सीट पर महागठबंधन मजबूत
23/10/2025
छठ महापर्व को लेकर चौसा नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह तैयार, अधिकारियों ने किया घाटों का निरीक्षण
बक्सर । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चौसा नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह तैयार है। पर्व के सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती रानी कुमारी, थाना अध्यक्ष बक्सर मुफ्फसिल श्री शंभु भगत एवं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव संयुक्त रूप से शामिल रहे।
अधिकारियों ने चौसा बाजार घाट, मल्लाह टोली घाट, पांडे घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मिट्टी समतलीकरण, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता कर्मियों की तैनाती और चिकित्सा सुविधा की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि श्रद्धालु एवं व्रती श्रद्धा और सुरक्षा के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
वहीं थाना अध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि छठ पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। घाटों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा यातायात नियंत्रण के लिए विशेष पुलिस टीमों की तैनाती की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के विभिन्न कर्मी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सफल बनाने का संकल्प लिया। Times Of Buxar
23/10/2025
अवैध हथियार से फायरिंग कर सोशल मीडिया पर बना रहा था भौकाल, पुलिस ने भेजा जेल
बक्सर । सोशल मीडिया पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए भौकाल बना रहे एक युवक का वीडियो वायरल हुआ । वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी परमजीत कुमार के रूप में हुई है। वीडियो में परमजीत खुलेआम अवैध हथियार से फायरिंग करने का फोटो और वीडियो बना सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर रहा था, जो तेजी से वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस द्वारा जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के आधार पर युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस के पास वह हथियार बरामद नहीं किया जा सका है। जिसको लेकर पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपराधिक हरकतें करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
23/10/2025
राजपुर में एनडीए प्रत्याशी संतोष निराला का जनसंपर्क अभियान तेज, जनता से मांगा जीत का आशीर्वाद
बक्सर/राजपुर । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। राजपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए संतोष निराला ने आम जनता से संवाद किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार के हर तबके के लोगों के लिए योजनाएं चलाईं—चाहे वह सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार या महिलाओं के सशक्तिकरण की बात हो। उन्होंने लोगों से 6 नवम्बर को होने वाले मतदान में एनडीए गठबंधन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने संतोष निराला का जोरदार स्वागत किया और उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए की सरकार ही बिहार के विकास की गारंटी है।
डुमरांव विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे NDA प्रत्याशी राहुल सिंह के पक्ष में विशाल रैली,तिथि की घोषणा बाकी
Click here to claim your Sponsored Listing.
Category
Website
Address
Patna