Rewa Rail
सांसद प्रतिनिधि रेलवे रीवा
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय
प्रेस विज्ञप्ति 697/2026
दिनांक 06.02.2026
*केन्द्रीय बजट से मध्य प्रदेश की परियोजनाओं को मिलेगी गति*
जबलपुर 06 फरवरी। केन्द्रीय बजट 2026–27 में भारतीय रेलवे के लिए ₹2,93,030 करोड़ का रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) तथा सुरक्षा के लिए ₹1.20 लाख करोड़ का आवंटन हुआ है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश को रेलवे के लिए ₹15,188 करोड़ का बजट प्राप्त हुआ है, जिससे राज्य में रेल अवसंरचना, संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं माल ढुलाई क्षमता को नई गति मिलेगी। वर्ष 2009 से 2014 कि तुलना में 24 गुना अधिक बजट आवंटन से मध्य प्रदेश को रेलवे कि विकास के प्रगति को बल मिलेगा।
मध्य प्रदेश में कुल ₹1,18,379 करोड़ की विभिन्न रेल परियोजनाएँ प्रगति पर हैं तथा राज्य की 100 प्रतिशत रेल लाइनों का विद्युतीकरण पूर्ण हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 80 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से वर्ष 2025 में कुछ स्टेशनों का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किया जा चुका है।
राज्य में प्रमुख परियोजनाओं में रामगंजमंडी–भोपाल, ललितपुर–सिंगरौली और इंदौर–बुदनी, इंदौर- मनमाड नई लाइनें, बीना–कटनी तृतीय लाइन, सतना–रीवा एवं कटनी–सिंगरौली दोहरीकरण, कटनी ग्रेड सेपरेटर तथा बीना–भोपाल–इटारसी चतुर्थ लाइन एवं गेज परिवर्तन परियोजनायें शामिल हैं, जिनसे रेल क्षमता, समयपालन और माल ढुलाई में उल्लेखनीय सुधार होगा।
सुरक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के 4,591 रूट किलोमीटर पर कवच प्रणाली लागू करने की योजना तैयार की जा चुकी है। यात्री सुविधाओं के अंतर्गत राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस एवं अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस वर्ष भी राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस एवं अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और कुछ नई ट्रेनों को भी संचालन को सुनिश्चित की जाएगी।
माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स दक्षता की क्षमता को बढ़ावा देने के लिए, केन्द्रीय बजट में पश्चिम बंगाल के डंकुनी से गुजरात के सूरत तक एक नए समर्पित मालवाहक कॉरिडोर का प्रस्ताव किया गया है, जो ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा। 2,052 किमी लंबा यह कॉरिडोर मौजूदा पश्चिमी समर्पित मालवाहक कॉरिडोर से जुड़ेगा, जिससे पश्चिमी तट के बंदरगाहों तक माल की बिना किसी रुकावट के आवाजाही हो सकेगी। यह पूर्व–पश्चिम कॉरिडोर मध्य प्रदेश के क्षेत्रों में व्यापार प्रवाह को सुदृढ़ करेगा, मौजूदा रेल नेटवर्क पर दबाव कम करेगा और माल ढुलाई की दक्षता बढ़ाएगा, जिससे औद्योगिक विकास और आपूर्ति शृंखलाओं को काफी लाभ मिलेगा।
इस बजट के माध्यम से मध्य प्रदेश में सभी रेल परियोजनाओं के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया गया है, जिससे कार्यों को लक्षित समय में पूर्ण किया जा सकेगा तथा राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
*जनसम्पर्क विभाग पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर*
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय
प्रेस विज्ञप्ति 695/2026
दिनांक 05.02.2026
*भारतीय रेलवे होली के अवसर पर यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें संचालित करेगा*
नईदिल्ली। भारतीय रेलवे ने आगामी होली त्योहार के दौरान यात्रियों के लिए आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपने नेटवर्क पर 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। यह संख्या बढ़कर 1,500 तक हो सकती है। इन विशेष सेवाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करना और प्रमुख गंतव्यों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है। ये विशेष ट्रेनें मार्च के महीने में संचालित होने वाली हैं। पिछले वर्ष, 2025 में होली के लिए कुल 1,144 विशेष ट्रेनों के ट्रिप का संचालन किया गया था।
विभिन्न जोन के आधार पर, पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) सर्वाधिक 285 विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके बाद पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) द्वारा पश्चिमी मार्गों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 231 ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है। मध्य रेलवे (सीआर) द्वारा 209 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) कुल 160 सेवाओं का संचालन करेगा। इसके अतिरिक्त, उत्तर रेलवे (एनआर) द्वारा 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) द्वारा 71 होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की योजना तैयार की गई है।
कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करते हुए, उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) द्वारा 66 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) और पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) दोनों ही 62-62 ट्रेनें चलाएंगे।
दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) द्वारा 47 ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) ने 43 सेवाओं की योजना बनाई है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण रेलवे (एसआर) द्वारा 39 होली स्पेशल ट्रेनें और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) द्वारा 15 सेवाएं संचालित की जाएंगी। क्षेत्रीय मांग को पूरा करने के लिए कोंकण रेलवे (केआर) द्वारा 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) द्वारा 2 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
भारतीय रेलवे प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और कुशल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
*जनसम्पर्क विभाग पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर*
Category
Website
Address
Rewa
486001
Alerts
Be the first to know and let us send you an email when Rewa Rail posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.